छतरपुर में निकलेगी ऐतिहासिक शोभायात्रा, जिले भर में होंगे आयोजन
छतरपुर। सत्य, धर्म और आदर्श जीवन मूल्यों के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्म की स्मृति को समर्पित आस्था और श्रद्धा का महापर्व रामनवमी संपूर्ण जिले में धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया जाएगा। जिले के तमाम मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन होंगे साथ ही झांकियों के साथ शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। छतरपुर जिला मुख्यालय पर आज श्रीराम सेवा समिति सहित अन्य हिन्दू संगठनों के संयोजन में ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
श्रीराम सेवा समिति के पंकज पहारिया ने बताया कि प्रात: साढ़े 10 बजे से रामचरित मानस मैदान में भगवान राम के जन्म की लीला का मंचन शुरू होगा, 12 बजे रामजन्म होगा और इसके बाद शोभायात्रा प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा में बुन्देली संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। भगवान 10 अवतारों की झांकियां और उनकी लीलाएं शोभायात्रा के दौरान आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। सबसे आगे विघ्नहर्ता श्रीगणेश की झांकी होगी और उनके ठीक पीछे धर्मध्वज चलेगा। प्रताप नवयुवक संघ की लड़कियों द्वारा नृत्य कौशल दिखाया जाएगा, तलवार नृत्य, डमरू नृत्य, मलखंभ की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी। बीच-बीच में अखाड़े भी देखने को मिलेंगे। बुन्देली संस्कृति के अनुरूप मौनिया, बरेदी नृत्य की प्रस्तुती भी देखने को मिलेगी। विभिन्न चौराहों पर मंच बनाए गए हैं, जहां बुन्देली प्रस्तुतियां और महाआरती होगी। श्री पहारिया ने बताया कि इस बार के रथ को भी अनोखा और सुंदर बनाया गया है, जिसमें राम दरबार विराजमान रहेगा। उन्होंने डीजे संचालकों से अपील की है कि वे सिर्फ राम भजनों को ही बजाएं। जो व्यक्ति शोभायात्रा में नशा करके या अवैध हथियार लेकर आएगा उसे पुलिस के निगरानी दल तत्काल गिरफ्तार करेंगे। श्रीराम सेवा समिति ने सभी जिलेवासियों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।
यह रहेगा शोभायात्रा का रूट
शोभा यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर गांधी चौक से होते हुए कोतवाली होकर महल तिराहा से गुजरते हुए छत्रसाल चौराहा आएगी, जहां पन्ना रोड और सागर रोड की झांकियां एकत्रित होगी। छत्रसाल चौराहे से एकत्रित सभी झांकियां आकाशवाणी तिराहे से होते हुए बस स्टैंड तरफ प्रस्थान करेंगी। बस स्टैंड से फव्वारा चौक होते हुए हटवारा बाजार पुन: गांधी चौक से रामलीला मैदान की ओर मुड़ेगी जहां शोभा यात्रा का समापन होगा।
यह रहेगी शहर की यातायात व्यवस्था
यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेते ने लोगों से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान आवागमन से बचें और आकस्मिक स्थिति में अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि आज छतरपुर नगर में प्रात: 10 बजे से शोभायात्रा समापन तक भारी वाहनों की पूर्णत: नो एंट्री रहेगी। फव्वारा चौक, महल चौक, शुक्लाना चौक, से सम्पूर्ण वाहन गांधी चौक और बाजार के लिए प्रतिबंधित रहेंगे। सभी बसें जो पन्ना, खजुराहो रोड जाने वाली हैं, महोबा हाइवे होकर ही जायेंगे। सागर रोड पर चलने वाली बसे सुबह से शाम 3 बजे तक ही बस स्टैंड से संचालित होंगी, उसके बाद सभी बस जिनको सागर जाना है वह बिजावर नाके के आगे विराज गार्डन से संचालित होंगी। रुद्राक्ष होटल अंडर पास से नगर में आने वाले सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। शोभा यात्रा के महल चौक तक आ जाने पर, सागर रोड और महोबा रोड का सम्पूर्ण हैवी वाहन रोक दिए जाएंगे, जो कि कार्यक्रम समाप्ति के बाद ही छोड़ा जाएगा। शोभा यात्रा प्रारंभ होने के पश्चात जब शोभा यात्रा छत्रसाल चौराहे पर होगी तब पन्ना तरफ से आने वाले सामान्य वाहन सीओ बंगला तिराहे से परिवर्तित होंगे, और आरआई बंगला तिराहे से नया मोहल्ला से बाजार होके, फव्वारा चौक से जा सकेंगे। शोभा यात्रा जब आकाशवाणी चौराहे पर होगी तब सागर रोड से आने वाले वाहन बिजावर नाका से छत्रसाल चौराहा के लिए परिवर्तित किए जाएंगे। सम्पूर्ण शोभा यात्रा के आकाशवाणी चौराहे निकल जाने के बाद , सागर रोड के बड़े वाहन जो रोके गए थे, उन्हें छोड़ दिया जाएगा और आकाशवाणी से पन्ना नाके होते हुए हाइवे की ओर भेजे जाएंगे जो रुद्राक्ष होटल ब्रिज से चढ़कर महोबा और खजुराहो की तरफ जा सकेंगे। संपूर्ण शोभा यात्रा के फव्वारा नाके से अंदर गांधी चौक की तरफ़ हो जाने के बाद महोबा अंडरब्रिज में सागर की तरफ जाने वाले रोका गया बड़ा वाहन ट्रैफिक छोड़ा जाएगा। श्री साकेत ने शोभा यात्रा में सम्मिलित समिति एवं सदस्यों, नगरवासियों से अनुरोध है कि आकस्मिक सेवा जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन, एवं उपचार हेतु जाने वालों को पासिंग हेतु प्राथमिकता दें।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
श्रीराम की शोभायात्रा को लेकर पुलिस की भी कड़ी व्यवस्था रहेगी। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि शनिवार को ड्रोन कैमरे से शोभायात्रा रूट का ट्रायल किया गया है। रविवार को 5 ड्रोन कैमरे, 18 अन्य कैमरे सहित कंट्रोल रूम में स्थित सीसीटीव्ही कैमरों की मदद से पूरी शोभायात्रा पर नजर रखी जाएगी ताकि कोई असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके। इसी तरह पुलिस की भी जगह-जगह चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। वहीं उन्होंने शोभायात्रा के दौरान असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस को देने की भी अपील की है।
पर्यटन नगरी में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, हुई बैठक
खजुराहो। नगर में आज रामनवमीं के अवसर पर विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके लिए शनिवार को खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी ने सभी दुकानदारों और होटल एसोसिएशन से प्रतिष्ठानों को बंद रखकर श्रीराम जन्मोत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आज दोपहर 3 बजे भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके लिए नगर को भव्य तरीके से सजाया गया है। शनिवार को शोभयात्रा के लिए बैठक भी हुई जिसमें समाजसेवी परशुराम तिवारी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक गौतम, अश्विनी चौबे, अवधेश तिवारी, आरएसएस के खंड कार्यवाह इंजी. ओमप्रकाश पटेल, आनंद चतुर्वेदी खंड व्यवस्था प्रमुख, संजीव शुक्ला, गौरव अग्रवाल, चार्ली राजा, बबलू अग्रवाल, पर्यटक सहायक एसोसिएशन के कृष्णकांत दुबे, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष भैयाजी अचनार, कमलेश तिवारी, वीरेन्द्र सीगौत सहित अन्य लोगो ने विचार-विमर्श करते हुए सफल आयोजन के लिए अपने सुझाव दिए।