जिला अस्पताल में है नि:शुल्क इलाज और कीमो की व्यवस्था
छतरपुर। जिला अस्पताल में डॉ. मनोज चौधरी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत एक 30 वर्षीय महिला के ब्रेस्ट कैंसर का सफल ऑपरेशन कर उनकी जान बचाई है। जिला स्तर पर नि:शुल्क इलाज और कीमोथेरेपी मिलने से मजदूरी करने वाले परिवार का लाखों रुपये का खर्च बच गया। महिला अब पूरी तरह से स्वस्थ है, और परिवार ने डॉ. चौधरी की मानवता और कुशलता की सराहना की है।  
बताया गया है कि छतरपुर के देरी रोड निवासी कामनी कोरी (30) ब्रेस्ट कैंसर से पीडि़त थीं और गंभीर दर्द के साथ स्तन में पस की समस्या से जूझ रही थीं। उनके पति प्रमोद कोरी, जो मजदूरी करते हैं, निजी अस्पताल में दो से तीन लाख रुपये के ऑपरेशन का खर्च वहन नहीं कर सकते थे। कामनी ने जिला अस्पताल में डॉ. मनोज चौधरी से संपर्क किया, जिन्होंने तुरंत ऑपरेशन की जरूरत बताई। डॉ. चौधरी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत जिला अस्पताल में ही कामनी का ब्रेस्ट कैंसर का ऑपरेशन किया और कीमोथेरेपी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की। कामनी ने कहा, डॉ. साहब ने मेरी जान बचाई, मैं उनका आभार मानती हूँ। प्रमोद कोरी ने बताया, आयुष्मान योजना और डॉ. चौधरी की मदद से मेरी पत्नी ठीक हो गई। डॉ. चौधरी ने कहा, समय पर ऑपरेशन और कीमो से कामनी स्वस्थ हैं। हमारा प्रयास हर मरीज को बेहतर इलाज देना है। कामनी की आगे की कीमोथेरेपी भी जिला अस्पताल में होगी।