केन-बेतवा परियोजना में बायपास रोड की जगह मौजूदा रोड का हो चौड़ीकरण
ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर उठाई मांग
छतरपुर। केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत प्रस्तावित बायपास रोड के बजाय मौजूदा देवगाँव-देवरा रोड के चौड़ीकरण की माँग को लेकर ग्राम झमटुली के ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा संकीर्ण रोड के कारण यातायात जाम और आवागमन में परेशानी होती है, और इसका चौड़ीकरण न केवल यातायात सुगम बनाएगा, बल्कि बायपास रोड से होने वाले भूमि अधिग्रहण से किसानों की आजीविका भी बचेगी। ग्रामीणों ने कलेक्टर से बायपास रोड का प्रस्ताव रद्द कर मौजूदा रोड के चौड़ीकरण की मंजूरी देने की अपील की है।
झमटुली के निवासियों ने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत प्रस्तावित बायपास रोड से गाँव के सीमांत किसानों की आजीविका पर संकट आ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि मौजूदा देवगाँव-देवरा रोड संकीर्ण होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, खासकर बाजार के दिनों में वाहनों का गुजरना मुश्किल हो जाता है। रोड का चौड़ीकरण होने से यातायात की समस्या हल हो जाएगी और देवगाँव से अमानगंज जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि बायपास रोड बनने से उनकी कृषि भूमि का अधिग्रहण होगा, जिससे कई किसान भूमिहीन हो जाएँगे। उन्होंने कहा कि गाँव के अधिकांश किसानों की आजीविका केवल कृषि पर निर्भर है, और उनके पास कोई वैकल्पिक व्यवसाय नहीं है। ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि मौजूदा रोड का चौड़ीकरण कर परियोजना के लक्ष्य को पूरा किया जाए, जिससे किसानों की जमीन भी बचे और यातायात की समस्या भी हल हो। आवेदन में ग्रामीणों ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि उनकी समस्या का समाधान करते हुए बायपास रोड का प्रस्ताव रद्द किया जाए और मौजूदा रोड का चौड़ीकरण स्वीकृत किया जाए।
मुख्यमंत्री आज निवाड़ी में देंगे 193 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
ई-मोबिलिटी की ओर भोपाल का बड़ा कदम, 10 नई ई-बसें सोमवार से शुरू
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देना चाहते थे! छात्र आंदोलन पर बीजेपी नेता का बड़ा खुलासा
टैंक में जहरीली गैस से मची त्रासदी, ग्रेटर नोएडा में दो लोगों की मौत