एसपी से लगाई न्याय की गुहार, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के रहने वाले दंपत्ति ने मंगलवार को अपनी नाबालिग लड़की का अपहरण किए जाने के आरोप लगाए हैं। उनका यह भी कहना है कि पुलिस ने आरोपियों से सांठ-गांठ कर ली है, जिस कारण कार्रवाई नहीं हो रही। एसपी कार्यालय में आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। चूंकि आवेदन देने आए दंपत्ति कार्यालय तक दंड भरते हुए (जमीन पर लेट-लेटकर) पहुंचे थे इसलिए सभी का ध्यान उनकी ओर गया।
गढ़ीमलहरा निवासी पीडि़त पिता ने बताया कि उनकी 17 साल 9 महीने की बेटी का अपहरण 22 और 23 मई की दरमियानी रात को हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि अपहरण से एक दिन पहले मोहल्ले के दबंग रमन पुत्र कमलापत प्रजापति, सुरेश पुत्र भवानीदीन प्रजापति, छोटू पुत्र ज्ञानी प्रजापति और भागचंद पुत्र भवानीदीन प्रजापति ने हथियार और कट्टा लेकर उनके घर पर गाली-गलौज की और धमकी दी थी। अगली सुबह, जब वह महोबा में रिश्तेदारी के एक कार्यक्रम में गए थे तब उनके बेटे ने फोन कर बताया कि बहन का अपहरण कर लिया गया है। लौटने के बाद पीडि़त ने गढ़ीमलहरा थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पीडि़त का कहना है कि पुलिस ने कोरे कागजों पर उनके हस्ताक्षर करवाए और डेढ़ महीने बीत जाने के बावजूद उनकी बेटी का कोई पता नहीं चला है। पीडि़त ने बताया कि दबंग उनकी बेटी को लेकर फरार हैं और उनके बेटे मनीष को भी जान से मारने और अपहरण की धमकी दे रहे हैं। पीडि़त दंपत्ति ने अपनी बेटी की बरामदगी और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।