पीएमएवाय से पूरा हुआ पक्के घर का सपना
छतरपुर। शुक्रवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कई हितग्राहियों का पक्के घरों का सपना साकार हुआ। शहर के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कार्यक्रम में फेज 1.0 में निर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया, जबकि फेज 2.0 के तहत नए स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र वितरित किए गए। यह आयोजन जीरो वेस्ट थीम पर संपन्न हुआ।
नगरपालिका छतरपुर द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक ललिता यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पीएमएवाय (शहरी) फेज 1.0 के तहत निर्मित आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपकर गृह प्रवेश कराया और फेज 2.0 में स्वीकृत 199 नए आवासों के लिए स्वीकृति-पत्र प्रदान किए। उपस्थितजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इंदौर से वर्चुअल माध्यम से किए गए हितलाभ वितरण का लाइव प्रसारण देखा। सीएमओ माधुरी शर्मा ने योजना की विस्तृत जानकारी दी। विधायक ललिता यादव ने हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना गरीबों को पक्का घर देने का सपना पूरा कर रही है। कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष विकेंद्र वाजपेई, अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र चौरसिया, सहायक यंत्री देवेंद्र धाकड़, उपयंत्री नीतेश चौरसिया, महेंद्र पटेल, अंकित अरजरिया, आमिर, गोकुल प्रजापति, शशिप्रभा सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, हितग्राही और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।