छतरपुर। बिजावर विकासखण्ड के देवरी ग्राम में बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आया। देवरी गांव तक कोई पक्का पहुंच मार्ग न होने के कारण रेस्क्यू टीम को नाव की मदद से गांव तक पहुंचना पड़ा। यह गांव धसान और काठन नदी के बीच बसा है, जिससे वहां तक पहुंचना बेहद मुश्किल होता है।
सोमवार को तहसीलदार अभिनव शर्मा, बीएमओ डॉ. महेश त्रिवेदी, एसडीआरएफ प्लाटून कमांडर विनीत तिवारी सहित मेडिकल टीम नाव से गांव पहुंची। बीएमओ डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि देवरी गांव में 20 से 25 परिवार निवास करते हैं और इनमें से कई महिलाएं एवं बच्चे बीमार पाए गए। कुछ को दस्त और उल्टी जैसे लक्षण थे, तो कुछ को बुखार एवं अन्य संक्रमण थे। सभी का प्राथमिक इलाज कर उन्हें जरूरी दवाएं दी गईं हैं।
ग्रामीण मुन्नालाल तिवारी ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि रेस्क्यू टीम समय पर गांव पहुंची और बीमार लोगों का इलाज किया। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपील की कि गांव तक स्थायी सड़क मार्ग जल्द से जल्द बनाया जाए ताकि ऐसी परिस्थितियों में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि हर साल बरसात के मौसम में देवरी गांव का संपर्क आसपास के इलाकों से पूरी तरह कट जाता है। ग्रामीणों की यह मांग अब और अधिक गंभीर हो गई है कि प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम उठाए।