47 रनों पर ढेर हुई दमोह, पहले दिन निवाड़ी ने 6 विकेट गंवाकर बनाए 134 रन
छतरपुर। शहर के पेप्टेक टाउन स्थित खेल मैदान में मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और सागर डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला छतरपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अंडर-15 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पूल-बी का दूसरा मुकाबला बुधवार को निवाड़ी और दमोह के बीच खेला गया। जिसमें निवाड़ी ने टॉस जीतकर दमोह को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले दिन के खेल में दमोह की टीम सिर्फ 47 रनों पर ऑलआउट हो गई तो वहीं निवाड़ी की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 134 रन बना लिए हैं।
डिस्ट्रिक्ट छतरपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय चौरसिया ने बताया की बुधवार की सुबह निवाड़ी और दमोह के बीच मुकाबले की शुरुआत हुई। निवाड़ी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी दमोह की टीम के शुभ ठाकुर 18 रन के अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर खड़ा नहीं रह सका और पूरी टीम 25 ओवर में 47 रन पर ऑलआउट हो गई। निवाड़ी टीम के बॉलर अंकुल अहिरवार एवं अब्दुल मजीद ने 3-3 विकेट एवं सोहम सरकार ने 2 विकेट लिए। पहली पारी में लक्ष्य का पीछा करने उतरी निवाड़ी की टीम के बल्लेबाज  जतिन अहिरवार ने 52, रितविक दिनकर के 33 रन की बदौलत पहले दिन का खेल खत्म होने तक 75 ओवर में 6 विकेट पर 134 रन बना लिए हैं। निवाड़ी की टीम ने दमोह के विरुद्ध 87 रन की बढ़त हासिल कर ली है। दमोह की ओर से गेंदबाज शौर्य आठ्या एवं आयुष गोयल ने 2-2 विकेट चटकाए हैं।