एक्सल टूटने से ठप हुआ यातायात, स्कूली बच्चों व एम्बुलेंस तक फंसे
हरपालपुर। नगर के बीच से गुजऱने वाले झाँसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग 339 पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह एक ट्रक का एक्सल टूट जाने से करीब 5 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सुबह 10 बजे शुरू हुई समस्या शाम 4 बजे तक बनी रही, जिससे स्कूली बच्चों, कॉलेज छात्रों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार केबिल तार से लदा ट्रक कानपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक रेलवे क्रॉसिंग पर बने स्पीड ब्रेकर से गुजऱा, ओवरलोड होने की वजह से उसका एक्सल टूट गया और ट्रक वहीं फंस गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम विकराल रूप ले गया। स्थिति ऐसी रही कि बाइक निकालना भी मुश्किल हो गया, जिससे कई छात्रों को परीक्षा देने के लिए पैदल ही रेलवे क्रॉसिंग पार करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घंटों की मशक्कत के बाद भी जाम पूरी तरह नहीं खुल पाया। सड़क का एक हिस्सा बंद होने से बार-बार जाम लगता रहा। जाम में स्कूली वैन, एम्बुलेंस और मरीजों को ले जा रहे वाहन भी घंटों फंसे रहे। मिस्त्री को बुलाकर लगभग दोपहर 2 बजे ट्रक का एक्सल बदला गया, जिसके बाद ट्रक को हटाकर सड़क को खाली किया जा सका।
जाम में फंसी पुलिस, आरोपियों को पैदल ले जाना पड़ा अस्पताल
जाम की विकराल समस्या का असर पुलिस कामकाज पर भी पड़ा। नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने पुलिस अस्पताल जा रही थी, लेकिन भारी जाम के चलते पुलिस वाहन भी आगे नहीं बढ़ सका। बाध्य होकर पुलिस टीम दोनों आरोपियों को पैदल ही अस्पताल लेकर पहुँची। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस उन्हें पैदल ही नेहरू गेट तक लाकर नौगांव कोर्ट ले गई। नगर में प्रतिदिन बढ़ रहे जाम से लोग त्रस्त हैं और यह समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। प्रशासनिक समाधान की मांग भी तेज़ हो रही है।