छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिकौरा में एक दुकान पर सामान खरीदने के दौरान हुए विवाद में युवक के साथ जमकर मारपीट की घटना सामने आई है। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल छतरपुर के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के अनुसार, ग्राम बिकौरा निवासी नरेश पटेल (26 वर्ष), पुत्र महादेवदीन पटेल, कल शाम करीब 5:30 बजे जीतू पटेल की किराना दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। सामान खरीदने के बाद उन्होंने वहीं से मोटरसाइकिल का टायर भी खरीदा। टायर के दाम को लेकर दुकानदार जीतेन्द्र पटेल (उर्फ जीतू पटेल) और प्रिंस पटेल से विवाद हो गया।
विवाद बढऩे पर दोनों आरोपियों ने नरेश पटेल के साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसे से बुरी तरह मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने युवक की मोटरसाइकिल भी तोड़ दी और उसकी जेब से मोबाइल फोन भी छीन लिया। हमलावर मौके से फरार हो गए।
मारपीट के बाद नरेश पटेल जमीन पर गिर पड़े। राहगीरों ने सूचना देकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और डायल 112 की मदद से घायल को महाराजपुर थाने ले गए, जहां प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने घायल का मेडिकल महाराजपुर अस्पताल में कराया, जहां उसकी हालत गंभीर देखकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल छतरपुर में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर तौसीफ सिद्दीकी ने घायल को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। परिजनों ने आज दोपहर करीब 1:30 बजे अस्पताल में मीडिया को घटना की पूरी जानकारी दी।