पुजारी को बंधक बनाकर मांगी थी 8 लाख की फिरौती
भोपाल। में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने बुधवार दोपहर एक गैंगस्टर को उसकी शादी के मंडप से ही गिरफ्तार कर लिया. आरोपी आकाश बाजपेयी उर्फ भूरा ‘इल्लीगल गैंग’ का सरगना बताया जा रहा है. आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक पुजारी का अपहरण किया, उसे बंधक बनाकर मारपीट की और रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी. यह पूरा मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है।
तीन साथियों के साथ किया था अपहरण
पुलिस के अनुसार आरोपी दूल्हे आकाश बाजपेयी के साथ उसके तीन अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है. चारों ने मिलकर पुजारी का अपहरण किया था. आरोपियों ने पुजारी से पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये वसूल भी लिए थे और बाद में उसे छोड़ दिया था. बाकी 7 लाख रुपये पांच किस्तों में देने की बात तय की गई थी।
छूटते ही थाने पहुंचा पीड़ित
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित सीधे कोहेफिजा थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने बताया कि यह घटना सोमवार रात की है. शिकायत के बाद पुलिस ने मंगलवार रात एफआईआर दर्ज की और बुधवार दोपहर एयरपोर्ट रोड स्थित एक गार्डन में चल रहे शादी समारोह में दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी पर 35 से ज्यादा केस
पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय पीड़ित पुजारी लालघाटी इलाके की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है. मुख्य आरोपी आकाश उर्फ भूरा बाजपेयी नगर की एक मल्टी में रहता है. उसके खिलाफ पहले से लगभग 35 आपराधिक मामले दर्ज हैं. हाल ही में वह गांधीनगर में हुई एक हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आया था।
शादी के खर्च के लिए रची ब्लैकमेलिंग की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि आकाश “इल्लीगल गैंग” नाम का आपराधिक गिरोह चलाता है, जिसमें 15 से ज्यादा युवक और एक युवती शामिल हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी की शादी 12 मार्च को होनी थी और शादी के खर्च के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ब्लैकमेलिंग की योजना बनाई।
किराएदार की जानकारी पर बनाया प्लान
पुलिस की जांच में पता चला कि पीड़ित युवक आरोपी आकाश उपाध्याय के एक परिचित का किराएदार था. उसी ने आकाश को बताया कि पुजारी की आर्थिक स्थिति ठीक है और उसे धमकाकर पैसे वसूले जा सकते हैं. इसके बाद आरोपियों ने योजना बनाकर गिरोह की एक युवती को सोमवार रात पुजारी के घर भेजा।
घर में घुसकर लगाया रेप का आरोप
युवती ने दरवाजा खटखटाया और जैसे ही गेट खुला वह अंदर चली गई. घर में घुसते ही उसने शोर मचाना शुरू कर दिया. थोड़ी ही देर में 10 से 15 युवक भी वहां पहुंच गए और उन्होंने पुजारी पर रेप की कोशिश का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद आरोपियों ने पुजारी को जबरन एक गाड़ी में बैठाया और तौफीक उर्फ शूटर के कमरे में ले जाकर जमकर पीटा. साथ ही पुलिस के हवाले करने की धमकी भी दी।
जान बचाने के लिए मांगे गए 8 लाख रुपये
डरे हुए पुजारी ने अपनी जान बचाने के लिए आरोपियों से उसे छोड़ने की गुहार लगाई. इसके बाद आरोपियों ने उसे छोड़ने के बदले 8 लाख रुपये की मांग की. पीड़ित ने आरोपियों के मोबाइल से अपने भाई को फोन किया और पैसे देने की बात कही. भाई ने इतनी बड़ी रकम तुरंत देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने फिलहाल 50 हजार रुपये देने को कहा. इसके बाद पीड़ित के भाई ने आरोपी आकाश के खाते में ऑनलाइन 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
वीडियो बनाकर कर रहे थे ब्लैकमेल
थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया था. युवती द्वारा लगाए गए आरोप और मारपीट का वीडियो बनाकर आरोपी पुजारी को ब्लैकमेल कर रहे थे और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे. हालांकि जिस मोबाइल फोन से वीडियो बनाया गया और कॉल किए गए, वह अभी तक पुलिस के कब्जे में नहीं आ सका है।
2018 से सक्रिय है ‘इल्लीगल गैंग’
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह साल 2018 से सक्रिय है. बाजपेयी नगर की मल्टी में रहने वाले 50 से ज्यादा युवक इससे जुड़े हुए बताए जा रहे हैं. गिरोह के कई सदस्यों ने अपनी पहचान के तौर पर गर्दन पर “इल्लीगल गैंग” का टैटू भी बनवा रखा है. गिरफ्तार किए गए आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे हैं।
बुलडोजर कार्रवाई पर ब्रेक, जौहर यूनिवर्सिटी मामले में DM के आदेश पर रोक
सदन में पेपर लीक पर छिड़ सकती है बहस, सरकार-विपक्ष के बीच बनी सहमति
केजरीवाल बोले- पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में किया बड़ा सुधार, भाजपा पर साधा निशाना
'अब सिर्फ पीओके की बात होगी'— कारगिल वॉर मेमोरियल से राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को कड़ा अल्टीमेटम
पर्यटकों को इतिहास के नाम पर ठगा, नकली रोमन थिएटर का राज 10 साल बाद खुला
विश्व कप में भारतीय शूटिंग टीम का शानदार प्रदर्शन, ईशा सिंह को स्वर्ण और मनु भाकर को कांस्य
विश्वकप और एशियाड मिशन के लिए सख्त अनुशासन, सविता ने बताई टीम की खास तैयारी
'स्ट्रीट फाइटर' वाले बयान से गरमाई राजनीति, धर्मेंद्र प्रधान ने दिया जवाब
किसानों के लिए बड़ी राहत, मुख्यमंत्री ने 82 लाख से अधिक किसानों को भेजी ₹3300 करोड़ की सहायता राशि