छतरपुर में कंपनी सुपरवाइजर का फिल्मी अंदाज में अपहरण
10 लाख की फिरौती मांगकर जंगल में छिपे थे बदमाश, पुलिस ने सुरक्षित छुड़ाया
छतरपुर। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र से अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ सड़क निर्माण से जुड़ी एमकेसी कंपनी के सुपरवाइजर राम खिलाड़ी शर्मा का बदमाशों ने फिरौती के लिए अपहरण कर लिया। हालांकि, पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रातभर सघन सर्चिंग कर सटई के जंगलों से पीडि़त को सुरक्षित मुक्त करा लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के मोरवा गांव में सड़क निर्माण के लिए मिट्टी उपलब्ध कराने वाली एमकेसी कंपनी का कार्यालय स्थित है। कंपनी के मैनेजर संजय सोढ़ी ने पुलिस को सूचना दी कि बोलेरो सवार तीन अज्ञात बदमाश कार्यालय पहुंचे और सुपरवाइजर राम खिलाड़ी शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। अपहरण के कुछ ही देर बाद बदमाशों ने परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजत सकलेचा और एएसपी आदित्य पटले ने तत्काल कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित कीं। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस बल ने रातभर संदिग्ध ठिकानों और जंगलों की सर्चिंग की। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख बदमाश पीडि़त को सटई क्षेत्र के जंगलों में छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे, जहाँ से पुलिस ने राम खिलाड़ी शर्मा को सुरक्षित आजाद करा लिया।
फिरौती की रकम वाला खाता होल्ड
अपहरणकर्ताओं के डर से परिजनों ने फिरौती की कुछ राशि बदमाशों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक खाते को तत्काल होल्ड करा दिया है, जिससे बदमाशों तक पैसा न पहुंच सके।
एक संदेही हिरासत में, तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पीडि़त सुपरवाइजर के सुरक्षित मिल जाने से कंपनी और परिजनों ने राहत की सांस ली है।
हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुपरवाइजर पर गिरी गाज और कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट
शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव! प्रल्हाद जोशी ने संभाला कार्यभार
'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा', योगी के बयान से मैनपुरी की सियासत गरमाई
कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा खुलासा! बोले- आंदोलन के पहले दिन इस्तीफा देना चाहते थे धर्मेंद्र प्रधान
अनियंत्रित कार बनी मौत का जाल, तालाब में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान गई