छतरपुर। वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर में दर्शन करने गए छतरपुर के एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सोमवार दोपहर मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर उस समय हुआ, जब युवक भीषण गर्मी से राहत के लिए लगाए गए वाटर स्प्रे कूलर के पास पहुंचा। मृतक की पहचान छतरपुर शहर के मानव मऊ दरवाजा निवासी 21 वर्षीय अभिज्ञान गुप्ता के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिज्ञान गुप्ता अपने पिता अनिल गुप्ता के साथ भगवान के दर्शन करने वृंदावन गया था। दोपहर करीब 12 बजे दोनों इस्कॉन मंदिर पहुंचे। मंदिर के बाहर नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए वाटर स्प्रे कूलर लगाया गया था। बताया जा रहा है कि अभिज्ञान कूलर के पास चप्पल उतार रहा था, तभी कूलर में उतरे करंट की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ ही सेकंड में कूलर से चिपक गया।
बेटे को करंट की चपेट में देखकर पिता अनिल गुप्ता उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन उन्हें भी करंट का झटका लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कूलर से अलग किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने अभिज्ञान को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिता को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल में गूंजती रही पिता की पुकार
बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता अनिल गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में वह बार-बार अपने बेटे को उठाने की कोशिश करते रहे। कभी उसकी छाती दबाते तो कभी चेहरे पर हाथ फेरते हुए कहते रहे, बेटा उठ जा... पापा बुला रहे हैं। यह मार्मिक दृश्य देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
छतरपुर में शोक की लहर
अभिज्ञान गुप्ता की असमय मौत की खबर जैसे ही छतरपुर के मऊ दरवाजा क्षेत्र पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों और परिचितों को इस हादसे पर विश्वास नहीं हो रहा है। दर्शन करने गया युवा अब कभी वापस नहीं लौटेगा, इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।