छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में छात्रों की विभिन्न समस्याओं एवं परीक्षा परिणामों में सामने आई गड़बडिय़ों को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन छात्र नेता सत्यम चतुर्वेदी के नेतृत्व में पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आदर्श रावत तथा युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सचिन चौहान की विशेष उपस्थिति में सौंपा गया।
ज्ञापन में छात्रों के परीक्षा परिणामों में हुई त्रुटियों को शीघ्र सुधारने, शैक्षणिक समस्याओं का समाधान करने तथा छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय के कई छात्रों के परीक्षा परिणामों में गंभीर गड़बडिय़ां सामने आई हैं, जिससे वे मानसिक एवं शैक्षणिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान उन विद्यार्थियों की ओर आकर्षित करते हुए सभी शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण किए जाने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से छात्र हितों से संबंधित अन्य समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र हित में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा तथा विश्वविद्यालय का घेराव किया जाएगा।