बकस्वाहा। थाना क्षेत्र के ग्राम निवार में 50 वर्षीय रामसिंग लोधी उर्फ सरला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकस्वाहा भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बम्होरी चौकी के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव को अपने घर ले गए।
बुधवार सुबह परिजनों ने सेमरा पुल पर शव रखकर सागर-छतरपुर हाईवे को लगभग दो घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देते हुए जांच एवं उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।