छतरपुर। अपनी मर्जी से प्रेम विवाह करने वाले एक नवदंपत्ति को युवती के परिवार वालों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मायके पक्ष के डर से सहमे नवदंपत्ति ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा है और अपने जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी कार्यालय पहुंची आवेदिका कृतिका राजा ने स्पष्ट किया है कि वह पूर्ण रूप से बालिग हैं और उन्होंने बिना किसी दबाव के अपनी मर्जी से विवाह किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के ग्राम बराहों की रहने वाली कृतिका राजा पुत्री इंद्रपाल सिंह ने गत 15 जून 2026 को छतरपुर के मोटे के महावीर धाम मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अभय प्रताप सिंह बुंदेला के साथ विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं। कृतिका का आरोप है कि उनके इस विवाह से उनके मायके पक्ष के लोग बेहद नाखुश हैं। इसी नाराजगी के चलते लड़की के परिवार वाले और रिश्तेदार लड़के अभय प्रताप सिंह के गांव पहुंच गए, जहाँ उन्होंने नवदंपत्ति के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की गंभीर धमकी दी। आवेदिका का कहना है कि उनके परिजन इस कदर आक्रोशित हैं कि वे किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। अपनी और अपने पति की जान को खतरा बताते हुए आवेदिका ने पुलिस अधीक्षक से मामले पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।