सरपंच पति सहित अन्य पर फर्जीवाड़े का इल्जाम, पुलिस से कार्रवाई की मांग
ईशानगर। छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के दिदौल गांव में बिजली प्लांट के नाम पर वृद्ध दंपति की जमीन को फर्जी तरीके से हथियाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़त वृद्ध दंपति ने गांव के सरपंच पति सहित दो अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए ईशानगर थाना में शिकायती आवेदन दिया है। आरोप है कि बिजली कंपनी के लिए जमीन खरीदने के बहाने इन लोगों ने वृद्ध दंपति से कोरे कागजों और स्टांप पर हस्ताक्षर करवाए और अब उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में सरपंच पति पर कई अन्य ग्रामीणों की जमीनें भी हड़पने का आरोप लगा है।
दिदौल गांव निवासी वृद्ध दंपति धनीराम बसोर ने ईशानगर थाना पहुंचकर सरपंच पति ओमप्रकाश दुबे उर्फ हल्के भाई सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया है। वृद्ध दंपति ने बताया कि बिजली उत्पादन के लिए प्लांट लगाने के नाम पर इन लोगों ने उनसे धोखाधड़ी की। आरोप है कि सरपंच पति और उनके साथियों ने वृद्ध दंपति को बहला-फुसलाकर स्टांप पेपर और कई कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीडि़त दंपति ने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सरपंच पति ओमप्रकाश दुबे बिजली कंपनी के दलाल के रूप में काम करते हैं और कई ग्रामीणों की जमीनों को ओने-पौने दामों पर कंपनी के नाम करवाने के साथ-साथ अपने करीबियों के नाम भी करवा चुके हैं। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने लाखों रुपये की हेराफेरी की। इस मामले में कई अन्य फरियादी भी सामने आ रहे हैं और शिकायत करने की बात कह रहे हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस सरपंच पति ओमप्रकाश दुबे उर्फ हल्के भाई और अन्य आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।