बक्सवाहा। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं नगरवासियों ने सोमवार को तहसीलदार बक्सवाहा को एक ज्ञापन सौंपते हुए नगर में झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की माँग की। ज्ञापन में विस्तार से उल्लेख किया गया कि बक्सवाहा नगर में निजाम खान एवं निकहत परवीन सिद्दीकी नामक झोलाछाप डॉक्टर लंबे समय से अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर रहे हैं और इस दौरान उन्होंने कई गंभीर बीमारियों का उपचार कर लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किया है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इनके संरक्षण में जिलेभर में अवैध लैब, अल्ट्रासाउंड सेंटर और दवाखाने फल-फूल रहे हैं। न केवल इलाज के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है, बल्कि गर्भपात जैसी गंभीर अवैध गतिविधियों को भी अंजाम दिया जा रहा है। नगरवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि इन लोगों पर लव जिहाद जैसे मामलों में शामिल होने के प्रमाण भी सामने आ चुके हैं।
प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में पाँच प्रमुख माँगें रखी गईं। इनमें धारा 302 में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी करना, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता एवं बीसीएम शादाब हामिद को तत्काल बर्खास्त करना, सभी अवैध क्लीनिक व लैब सील करना, सरकारी भूमि पर बने अवैध मकानों को गिराना और पूर्व में इनके घर पर लगाए गए पाकिस्तानी झंडे की जाँच कर राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज करना शामिल है।
संगठनों ने यह भी कहा कि इस मामले में अब तक जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जबकि नगरवासी कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं। उनका कहना है कि यदि सात दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद एवं नगरवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
नगरवासियों का कहना है कि बक्सवाहा जैसे छोटे नगर में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों का होना चिंता का विषय है। यदि समय रहते इन पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में युवाओं व आम लोगों की सुरक्षा और जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह इन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु सख्त कार्रवाई करेगा।