एक प्लाट की जगह 12 प्लाट की रजिस्ट्री कराने का आरोप
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मौराहा में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। ग्राम मौराहा निवासी एक पाल परिवार ने पटेल परिवार पर मारपीट और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पाल परिवार का कहना है कि पटेल परिवार ने एक प्लाट की जगह 12 प्लाटों की रजिस्ट्री करा ली और विरोध करने पर महिलाओं से मारपीट की।
आवेदक कल्लू पाल ने बताया कि उनकी मां सुनीता पाल ने काफी समय पहले रघुवीर पटेल को एक प्लाट बेचा था। दीवाली के समय पटेल परिवार ने उनके भाई को जुआ खिलाया, जिसके बाद रघुवीर पटेल और उनके परिजन उनकी मां से मिलने पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे ने 5 लाख रुपये उधार लिए हैं, जिसकी अदायगी करनी होगी। जब मां ने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उन्होंने कहा कि वे 1,000 वर्गफुट जमीन दे सकती हैं। कल्लू पाल के अनुसार इसके बाद रघुवीर पटेल और अन्य लोग उनकी मां सुनीता पाल और पिता गोले पाल को रजिस्ट्रार कार्यालय ले गए। आरोप है कि अनपढ़ होने का फायदा उठाकर एक प्लाट की जगह 12 प्लाटों की रजिस्ट्री करा ली गई। रविवार को जब परिवार की महिलाएं खेत पर काम कर रही थीं, तभी रघुवीर पटेल, संचित पटेल, सुमित पटेल, अशोक पटेल, राहुल पटेल, भूपेन्द्र पटेल पिता राममिलन पटेल, दिब्बू पटेल पिता पन्ना पटेल सहित कई लोग वहां पहुंचे और महिलाओं के साथ मारपीट की। कल्लू पाल का कहना है कि जब तक वे लोग मौके पर पहुंचे, तब तक पटेल परिवार के लोग वहां से भाग गए। इस मामले में सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी गई है।
वहीं, दूसरे पक्ष के रघुवीर पटेल ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास विधिवत रजिस्ट्री मौजूद है और मारपीट के आरोप झूठे हैं। उन्होंने भी थाने में आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।