छतरपुर। शहर के पेप्टेक टाउन स्थित खेल मैदान में मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और सागर डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला छतरपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित किए जा रहे अंडर-15 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में पूल-बी का तीसरा मुकाबला निवाड़ी और छतरपुर के बीच हुआ, जिसमें निवाड़ी को करारी शिकस्त देकर छतरपुर ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। आगामी 3 नवंबर को सागर और छतरपुर के बीच टूर्नामेंट की खिताबी भिड़ंत होगी।
डिस्ट्रिक्ट छतरपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय चौरसिया ने बताया कि निवाड़ी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया था। बल्लेबाजी करने उतरे छतरपुर के बल्लेबाजों ने पहली इनिंग में 9 विकेट गंवाकर 190 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। इस पारी में छतरपुर के राघव राय ने 54, आदर्श यादव ने 44 और नमन पटैरिया ने 30 रनों की शानदार पारियां खेलीं। वहीं निवाड़ी के गेंदबाज अब्दुल मजीद ने इस इनिंग में 7 विकेट झटके। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी निवाड़ी की टीम ने मात्र 25 ओवरों में 61 रन बनाकर अपने सभी विकेट गंवा दिए। निवाड़ी के जतिन अहिरवार के 24 रनों के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक पिच पर खड़ा नहीं रह सका। छतरपुर के गेंदबाज गौरव कछवाह ने 6 और प्रखर तथा वैभव ने दो-दो विकेट लिए। निवाड़ी के ऑलआउट होने के बाद भी छतरपुर के पास 129 रनों की बढ़त थी, इसके चलते छतरपुर ने निवाड़ी को फॉलोऑन देकर पुन: बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हालांकि निवाड़ी के बल्लेबाज इस बार भी कुछ खास नहीं कर सके मात्र 37 ओवर में 66 रन के स्कोर पर एक बार फिर ऑलआउट हो गई। इस इनिंग में छतरपुर के गौरव कुछवाह और प्रखर अग्निहोत्री ने 4-4 तथा वैभव ने दो विकेट झटके। अपनी शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी की दम पर छतरपुर ने इस मुकाबले को 63 रनों से अपने नाम कर फाइनल में जगह बनाई है। डिस्ट्रिक्ट छतरपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजीव बिल्थरे ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 3 से 5 नवंबर के मध्य सागर और छतरपुर टीम के बीच होगा। उन्होंने छतरपुर के खेल प्रेमियों से मैदान पर उपस्थित होकर खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाने की अपील की है।