घुवारा। छतरपुर जिले की घुवारा तहसील अंतर्गत ग्राम सौरखी में गुरूवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। बान सुजारा बांध क्षेत्र में मछली पकडऩे गए दो आदिवासी युवकों की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गुरूवार शाम करीब साढ़े चार बजे ग्राम सौरखी के पांच-छह आदिवासी ग्रामीण धसान नदी पर बने बान सुजारा बांध में मछली पकडऩे गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। सभी लोग घर लौटने लगे, लेकिन रास्ते में एक नाले में पानी अधिक होने के कारण चार लोग दूसरे रास्ते से निकल गए, जबकि दो युवक दूसरे मार्ग से आगे बढ़ रहे थे।
बारिश तेज होने पर दोनों युवक एक पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में आने से कनई आदिवासी (पिता कन्छेदी आदिवासी) एवं चरन आदिवासी (पिता भैयालाल आदिवासी), निवासी ग्राम विश्वां, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पेड़ के नीचे खड़े उनके साथ के चार लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही घुवारा तहसीलदार प्रीतम सिंह एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।