गौरिहार। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से गौरिहार के एसडीएम विजय डेहरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरिहार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का जायजा लिया, जहां कुपोषित बच्चों के उपचार एवं देखभाल की व्यवस्थाओं की जानकारी ड्यूटी पर मौजूद संगीता परस्ते से प्राप्त की।
इसके बाद एसडीएम ने लेबर रूम एवं प्रसूति कक्ष का निरीक्षण किया और वहां भर्ती गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि अस्पताल में समय पर दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा भोजन की भी नियमित व्यवस्था है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. जितेंद्र वर्मा सहित ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। एसडीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि गौरिहार अनुविभाग में पदस्थापना के बाद नवागत एसडीएम विजय डेहरिया लगातार विभिन्न शासकीय विभागों का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे योजनाओं के संचालन में गति आने के साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।