कलेक्टर ने जारी किया नोटिस, कर्मचारी ने दी सफाई
छतरपुर। पिछले दिनों आईएएस संतोष वर्मा द्वारा दिए गए एक विवादित बयान का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि छतरपुर कलेक्ट्रेट के कर्मचारी की एक पोस्ट ने छतरपुर में फिर बवाल खड़ा कर दिया। कर्मचारी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली है, जिसमें देवी-देवताओं और ब्राह्मण समाज से संबंधित कथित आपत्तिजनक बातें लिखी हुई हैं। इसी पोस्ट से नाराज ब्राह्मण समाज और हिंदू संगठनों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ता रवि पाण्डेय ने बताया कि छतरपुर कलेक्ट्रेट की निर्वाचन शाखा में पदस्थ कर्मचारी संतोष वर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली गई है, जिसमें हिन्दु देवी-देवताओं से संबंधित कथित आपत्तिजनक बातें लिखी हैं, जिससे न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि समस्त हिन्दु धर्मावलंबियों की भावनाएं ?आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन इस आपत्तिजनक पोस्ट पर ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं करता, तो वे न्यायालय में परिवाद दायर करेंगे। वहीं हिंदू समाज सहित अन्य लोगों ने भी इस पोस्ट को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला बताया है और जल्द कार्रवाई की मांग की। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि निर्वाचन शाखा में पदस्थ कर्मचारी संतोष वर्मा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी, जिसे तुरंत हटा लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
विवादित कर्मचारी ने दी सफाई
विवाद बढऩे के बाद जब कर्मचारी संतोष वर्मा से बात की गई तो उनका कहना था कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट उन्होंने नहीं डाली, बल्कि उनकी फेसबुक आई.डी. हैक कर दी गई है। उन्होंने एहतियातन अपना पूरा सोशल मीडिया अकाउंट लॉक कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक और सिटी कोतवाली में शिकायत भी दर्ज कराई है।