महाराज श्री पहली बार पहुंचे कोलकाता, किया कथा करने का वादा
छतरपुर। दुनिया भर में आस्था के साथ-साथ सनातन का केंद्र बन चुके बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री देश और विदेश में जाकर सनातन प्रेमियों को एकजुट करने में लगे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वे अत्यंत संवेदनशील राज्य पश्चिम बंगाल पहुंचे। जैसे ही महाराज श्री कोलकाता के हवाई अड्डे पहुंचे वहां हजारों की तादाद में लोग महाराज श्री के दर्शन को आतुर दिखे। ऐसा लग रहा था मानो समूचा बंगाल उनकी एक झलक पाने को बेताब हो। एयरपोर्ट बागेश्वर धाम के जयकारों से गूंज उठा। पश्चिम बंगाल की महाराज श्री की यह पहली यात्रा थी।
बागेश्वर धाम के व्यवस्थापक नितेंद्र चौबे ने बताया कि महाराज श्री मंगलवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंचे। हवाई अड्डे पर बागेश्वर धाम शिष्य मंडल सहित हजारों लोगों ने महाराज श्री का ढोल नगाड़े के साथ आत्मीय स्वागत किया। समूचा एयरपोर्ट बागेश्वर धाम के जयकारों से गूंज उठा। महाराज श्री यहां से सिद्ध पीठ कालीमाता मंदिर पहुंचे। मंदिर में भी हजारों की संख्या में लोग महाराज जी की एक झलक पाने को बेताब दिखाई दिए। लोग इस अविस्मरणीय क्षण को अपने मोबाइल में कैद कर रहे थे। बागेश्वर महाराज ने सभी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वह जल्द ही पश्चिम बंगाल में कथा करने आएंगे। लोगों ने दोबारा महाराज जी के आने की ख़बर जैसे ही सुनी वे उछल पड़े। सनातन प्रेमियों का उत्साह दो गुना हो गया। इस अवसर पर विनोद जी, राहुल भैया सहित हजारों की संख्या में बागेश्वर धाम से मंडल के साथ-साथ सनातन धर्म प्रेमी उपस्थित रहे।