डॉ. श्वेता गर्ग ने महिलाओं का परीक्षण कर दिया परामर्श
नोट: इस समाचार के साथ फोटो क्रमांक 09 लगाएं।
छतरपुर। शनिवार को मातगुवां कस्बे में डॉ. श्वेता गर्ग एवं सान्वी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा स्तन कैंसर जागरूकता एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 126 महिलाओं एवं किशोरियों ने नि:शुल्क जांच एवं परामर्श प्राप्त किया। कई महिलाओं ने पहली बार स्तन कैंसर से बचाव के उपायों की जानकारी हासिल की। भारत में स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे सामान्य कैंसर है, जो 40-50 वर्ष की आयु में चरम पर पहुंच जाता है, लेकिन शुरुआती जांच से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
डॉ. श्वेता गर्ग ने बताया कि शिविर का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा स्तन कैंसर की रोकथाम पर जोर देना था। उन्होंने बताया कि स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे सामान्य कैंसर है, लेकिन शुरुआती अवस्था में पहचान से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। हर महिला को मासिक स्वयं स्तन परीक्षण करना चाहिए तथा 40 वर्ष के बाद हर दो वर्ष में मैमोग्राफी अनिवार्य है। संतुलित आहार, व्यायाम, स्तनपान तथा नशे से दूरी से खतरा कम होता है। शिविर में जागरूकता पंपलेट्स वितरित किए गए तथा सरल बचाव उपाय बताए गए। सान्वी चैरिटेबल फाउंडेशन की टीम ने नियमित जांच, तंबाकू से दूरी तथा संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया। डॉ. श्वेता गर्ग ने कहा हमारा लक्ष्य है कि कोई भी महिला केवल जानकारी के अभाव में अपना जीवन न गंवाए। समय पर जांच ही स्तन कैंसर से सुरक्षा की कुंजी है। भारत में स्तन कैंसर की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जहां जागरूकता की कमी से मृत्यु दर अधिक है, लेकिन शुरुआती जांच से इसे रोका जा सकता है।