कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में फूंका जोश

छतरपुर। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और सह प्रभारी चंदन यादव ने शिरकत की। सम्मेलन में छतरपुर जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने का मंत्र दिया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, देश की जनता ने हमें इस समय विपक्ष की भूमिका दी है, जिसे हम पूरी जिम्मेदारी से निभा रहे हैं। हमारा पहला कर्तव्य संगठन को मजबूत करना है और उसके लिए हम कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। आप सभी का जज्बा यह बता रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार से लडऩे के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। पटवारी ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, अगर मध्यप्रदेश के मंत्रियों की जांच की जाए तो सभी जेल में होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है। आज ही बिजावर में खुलेआम एक इनामी बदमाश ने हत्या की है, और इस सबके बावजूद सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने भारत को विश्वगुरु बनाने की बात कही थी लेकिन आज भारतीय पासपोर्ट की स्थिति ही सब कुछ बयां कर रही है। देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं और माफियाओं का बोलबाला है।
कांग्रेस अब दिल्ली और भोपाल से नहीं, गांव से चलेगी: हरीश चौधरी
मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने सम्मेलन में कांग्रेस संगठन के जमीनी विस्तार पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, अब कांग्रेस सिर्फ दिल्ली या भोपाल से नहीं चलेगी। छतरपुर की कांग्रेस, छतरपुर से ही चलेगी। हमें ग्राम स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। चौधरी ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा, रुपए की गिरती कीमत, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की घटती आय और देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति इसका प्रमाण है। बीजेपी ने जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया और देश को मुश्किल दौर में धकेल दिया है।
आपसी मतभेद मिटाएं, तभी जीत संभव: महाप्रसाद पटेल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि जब तक आपसी मतभेद नहीं मिटेंगे, तब तक कोई भी चुनाव जीतना कठिन है। उन्होंने कहा, हम सभी को एकजुट होकर लडऩा होगा, तभी हम आगामी चुनावों में जीत दर्ज कर सकते हैं। वहीं पूर्व विधायक नीरज दीक्षित ने छतरपुर जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और लचर स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा, अस्पतालों में व्यवस्थाएं ध्वस्त हैं और हर स्तर पर वसूली हो रही है। भाजपा नेता बालू की खदानों में व्यस्त हैं और हमारे नेताओं को फर्जी केस लगाकर परेशान किया जा रहा है।
जगह-जगह हुआ स्वागत
सम्मेलन में पहुंचने से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का जगह-जगह स्वागत किया गया। पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी के निवास पर नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। इसके अलावा युवक कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पन्ना रोड कॉलेज तिराहे पर बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रभारी हरीश चौधरी का अभिनंदन किया। इस अनोखे स्वागत ने कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह भर दिया। इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, शुभम द्विवेदी, राजवर्धन मिश्रा, सुमित चौरसिया, केके पटेल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।