कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, शुरु हुई जांच
छतरपुर। पूरे देश में इन दिनों वोट चोरी का मुद्दा गरमाया हुआ है और आए दिन नए खुलसे हो रहे हैं। इसी बीच शनिवार को जिले के बिजावर नगर के एक तालाब में दर्जनों मतदाता परिचय पत्र मिलने से हड़कंप मच गया। एक ओर जहां प्रशासनिक अमले ने मामले की जांच शुरु की है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने मामले को गंभीर बताते हुए वर्तमान सरकार पर सवालों की बौछार करना शुरु कर दिया है।
मामला बिजावर के राजा तालाब का है, जहां शनिवार को कुछ सफाईकर्मी, सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सफाईकर्मियों को तालाब के अंदर एक बैग मिला। बैग को बाहर निकालकर जब खोला गया तो उसके भीतर से दर्जनों मतदाता परिचय पत्र मिले और तुरंत यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे जिले में फैल गई। स्थानीय निवासी रितेश अग्निहोत्री, हीरालाल साहू आदि ने बताया कि सभी मतदाता परिचय पत्र बिजावर के वार्ड नंबर 15 के रहने वाले लोगों के हैं, लेकिन यह तालाब में कैसे पहुंचे इसका जवाब किसी के पास नहीं था। उनका यह भी कहना था कि ये वही मतदाता परिचय पत्र हैं, जो लोगों को अब तक बांटे नहीं गए हैं। मामले की जानकारी तत्काल अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। सभी मतदाता परिचय पत्रों को कब्जे में लेने के बाद अधिकारियों ने कहा कि संबंधित बीएलओ से इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कांग्रेस की संभागीय प्रवक्ता और जिलाध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस की संभागीय प्रवक्ता दीप्ति पांडे ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की हत्या के यह जीते-जागते प्रमाण हैं जो हमारे छतरपुर जिले को शर्मसार कर रहे हैं। इतनी भारी मात्रा में वोटर आईडी कार्ड मिलना बताता है कि छतरपुर में कांग्रेस को कैसे हरवाया गया। भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार के नुमाइंदों द्वारा लोकतंत्र की हत्या के जो प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, यही उसी बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग हो या सरकारी एजेंसियां, पूरा तंत्र भारतीय जनता पार्टी को जिताने में लगा है। मोदी सरकार के इशारों पर यह सब हो रहा है। बिजावर का यह बड़ा मामला सामने आया है, जाँच होनी चाहिए। इसी तरह कांग्रेस जिला अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी ने पूरे देश में एक बहुत ही संवेदनशील मुद्दा उठाया है, वोट चोरी का, तो वो कहीं ना कहीं छतरपुर जिले भी उससे अछूता नहीं रहा, क्योंकि छतरपुर जिले की बिजावर विधानसभा में तालाब में सैकड़ों की तादाद में मतदाता कार्ड मिले हैं। प्रशासन को इसकी जांच करानी चाहिए और निर्वाचन आयोग और प्रशासन को इसकी जांच कराकर इसकी पुष्टि करना चाहिए कि वोटर आईडी कार्ड कहां से आए। अन्यथा की स्थिति में कांग्रेस पार्टी अपनी तरफ से जांच करेगी और आंदोलन करेगी।
सपा प्रदेशाध्यक्ष ने चुनाव आयोग से पूछा सवाल
बिजावर मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, चुनाव आयोग से पूछना चाहती है कि यह परिचय पत्र तालाब में क्या कर रहे हैं? इतने महत्वपूर्ण दस्तावेज आखिर तालाब में किसने फेके। उन्होंने कहा कि यह मामला इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि मध्य प्रदेश में भी वोट चोरी की गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में हर विभाग में भ्रष्टाचार मचा है। कोई भी अधिकारी-कर्मचारी अपना काम जिम्मेदारी से नहीं कर रहा। उन्होंने कहा- कहीं यह मतदाता परिचय पत्र इस बात का सबूत तो नहीं कि चुनाव में फर्जी वोट बनाए गए थे और अब उसके सबूतों को नष्ट किया जा रहा है? उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि मामले की गहन जांच की जाए और जो भी दोषी हों, उन पर सख्त कार्रवाई हो।
पूर्व एवं वर्तमान बीएलओ को जारी हुआ नोटिस
उक्त मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी तेजी से जांच की जा रही है। मामले को संज्ञान में लेकर कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रिीकरण अधिकारी द्वारा बिजावर के मतदान केन्द्र क्रमांक 21 (वार्ड नंबर 15) के पूर्व एवं वर्तमान बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम विजय द्विवेदी ने बताया कि बिजावर विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 121 के कुल 31 मतदाता परिचय पत्र पड़े पाए गए। जिन्हें स्थल से जब्त कर जांच की गई। जिसमें से कुल 10 परिचय पत्र वर्ष 2013 के पूर्व से जारी थे। जिनको जमा कराया जाकर नवीन परिचय पत्र जारी किये गये थे। इसके अलावा कुल 21 मतदाता परिचय पत्र वर्ष 2020-21 के पाये गये। उक्त संबंध में तत्काल वर्तमान बीएलओ कार्तिक संसिया लैब असिस्टेंट कन्या हायर सेकेण्डरी विद्यालय बिजावर एवं पूर्व बीएलओ बलराम पाठक (सेवा निवृत्त शिक्षक) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इनका कहना
बिजावर के राजा तालाब में घाट के पास कुल 31 वोटर आईडी कार्ड लावारिश अवस्था में मिले हैं। इस संबंध में वर्तमान और पूर्व बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वर्तमान बीएलओ का जवाब प्राप्त हो चुका है। पूर्व बीएलओ का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विजय द्विवेदी, एसडीएम, बिजावर