लवकुशनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम गुढ़ाकला में एक दर्दनाक आगजनी की घटना ने गरीब किसान परिवार की खुशियां छीन लीं। भांजी की शादी के लिए वर्षों से पाई-पाई जोड़कर रखी नकदी, जेवरात और गृहस्थी का सामान आधी रात लगी भीषण आग में जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीडि़त परिवार सदमे में है और गांव में मातम जैसा माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गुढ़ाकला निवासी 55 वर्षीय किसान घमंडी अनुरागी पिता मुन्नू अनुरागी शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। दिनभर खेतों में मेहनत करने के बाद परिवार गहरी नींद में था। रात करीब 12:30 बजे अचानक घमंडी अनुरागी की नींद खुली तो उन्होंने घर के अंदर वाले कमरे से आग की तेज लपटें उठती देखीं। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग ने घर में रखा लगभग दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, शादी में देने के लिए खरीदा गया गृहस्थी का सामान, गेहूं, दाल, घी सहित सालभर का राशन जलाकर राख कर दिया।
पीडि़त घमंडी अनुरागी ने रोते हुए बताया कि उन्होंने अपनी भांजी की शादी के लिए वर्षों की मेहनत से यह सब इक_ा किया था। उनका सपना था कि भांजी को सम्मानपूर्वक विदा करेंगे, लेकिन एक ही रात में सब कुछ खत्म हो गया। आग के बाद घर में जले हुए नोटों के टुकड़े और राख में बदला सामान देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पटवारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया गया। वहीं लवकुशनगर थाने में भी आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पीडि़त परिवार ने प्रशासन और समाजसेवियों से मदद की गुहार लगाई है, ताकि भांजी की शादी दोबारा सम्मानपूर्वक संपन्न कराई जा सके।