कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

छतरपुर। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए छतरपुर कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने बेरिकेड तोड़ दिए और अंदर घुसकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस की शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई का विरोध था। कांग्रेसजनों का कहना है कि भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग करते हुए विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने कहा कि, यह प्रदर्शन राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा विपक्ष के साथ दुर्भावनापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, और छतरपुर के कांग्रेस कार्यकर्ता इसके खिलाफ हैं। हम लोग ऐसे ही शांत नहीं बैठेंगे। पूर्व विधायक नीरज दीक्षित ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ईडी का दुरुपयोग करके विपक्ष को डराया जा रहा है। लोकसभा में जो भी जनता के मुद्दे उठाए जाते हैं, सरकार उन्हें दबाने का प्रयास करती है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और केंद्र सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। इस मौके पर अनीस खान, प्रवक्ता संतोष तिवारी, दीपांशु यादव, सरमनलाल मिश्रा, सुशील शिवहरे, राजेश असाटी, हरनारायण यादव, राकेश सिंह, दिलीप क्षत्रिय, अदित सिंह, मनीष मिश्रा, अवधेश सोनकिया, आदर्श रावत, रमेश दुबे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष स्मिता खरे, दीप्ती पाण्डेय, प्रियंका अग्रवाल, जानकी कुशवाहा, नरेश पटेल, सियाराम रावत, विशाल शर्मा, सहित अनेक कांग्रेसी मौजूद रहे।