राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने दिया प्रमाण-पत्र
छतरपुर। सोमवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह 2025 के दौरान छतरपुर जिले के नौगांव निवासी जाने-माने कॉन्ट्रैक्टर और बापू महाविद्यालय नौगांव की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष हरगोविंद गुप्ता को सराहनीय उत्तरदायित्व निर्वहन के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने विश्वकर्मा पुरस्कार-2025 देकर  सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा सोमवार को विश्व अभियंता दिवस के उपलक्ष्य में उक्त समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेश भर के ऐसे चुनिंदा अभियंताओं और संविदाकारों को सम्मानित किया गया जो अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण कार्य कर रहे हैं। इन्हीं में से एक नाम नौगांव निवासी हरगोविंद गुप्ता का था, जो कि लंबे समय से सराहनीय कार्य करते आ रहे हैं। हरगोविंद गुप्ता को विश्वकर्मा पुरस्कार-2025 देते हुए लोक निर्माण विभाग ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं दूसरी ओर हरगोविंद गुप्ता को राज्य स्तरीय सम्मान मिलने से छतरपुर जिले और नौगांव शहर में उत्साह का माहौल है। नौगांव के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अंजुल सक्सेना, वर्तमान अध्यक्ष अनूप तिवारी, धीरेंद्र रेजा, संजय गुप्ता, पूर्व विधायक नीरज दीक्षित सहित श्री गुप्ता के समर्थकों, ईष्ट मित्रों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
हजारों ठेकेदारों पर कार्रवाई, हरगोविंद गुप्ता की तारीफ...!
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले सड़क विकास निगम के अध्यक्ष भरत यादव की अध्यक्षता में प्रदेश भर के ठेकेदारों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 2 हजार से अधिक ठेकेदारों पर ब्लैकलिस्ट और अन्य कार्यवाही हुई थी। इसी बैठक में श्री यादव द्वारा हरगोविंद गुप्ता के काम की जमकर तारीफ की गई थी और इसीके परिणामस्वरूप उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान दिया गया है।
कौन हैं हरगोविंद गुप्ता...?
मूल रूप से टीकमगढ़ जिले के पलेरा में जन्मे हरगोविंद गुप्ता शुरुआत से ही नौगांव से जुड़े रहे हैं। नौगांव के पॉलिटेक्निक कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे करीब दो दशकों से पूरे प्रदेश में बतौर कॉन्ट्रैक्टर काम कर रहे हैं। दोस्तों से मदद लेकर ग्राम चंदवारा में एक लाख की लागत वाली पुलिया के निर्माण से शुरुआत करने वाले श्री गुप्ता के आज छतरपुर जिले के अलावा रीवा, नरसिंहपुर, सागर, भोपाल, बिजावर और पलेरा सहित 20 से अधिक शहरों में प्रोजेक्ट चल रहे हैं। जिले के नौगांव में सीएम राइज स्कूल, शासकीय बापू महाविद्यालय के नए भवन, जज कॉलोनी और कृषि विज्ञान केंद्र का निर्माण भी श्री गुप्ता की फर्म ने किया है।