खजुराहो। 51वाँ खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन खजुराहो में स्थित कंदरिया महादेव मंदिर एवं देवी जगदंबा मंदिर के मध्य मंदिर प्रांगण में आज यानि कि 20 से 26 फरवरी 2025 को प्रतिदिन सायं 06:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस अंतर्राष्ट्रीय नृत्य समागम की भव्यता इस वर्ष अपने उरूज पर होगी। समारोह में इस वर्ष कई नए आयाम तथा अनुषांगिक गतिविधियां जोड़ी गई हैं। मंगलवार को कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान एडीएम मिलिंद नागदेवे एवं सहायक संचालक अमित यादव संस्कृति विभाग भोपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अशोक मिश्रा अधिकारी आदिवर्त संग्रहालय ने बताया की खजुराहो नृत्य समारोह भारतीय कला और संस्कृति का एक महत्वपूर्ण उत्सव है, जिसमें देश-विदेश के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। इस वर्ष का समारोह 20 फरवरी को सायं 6:30 बजे शुभारंभ एवं अलंकरण कार्यक्रम के साथ प्रारंभ होगा। समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद  वी.डी. शर्मा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी करेंगे। सहायक संचालक श्री यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यूनेस्को वल्र्ड हेरिटेज साइट खजुराहो के एक हजार वर्ष प्राचीन मंदिरों की दिव्य आभा में मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के लिए उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल द्वारा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, मध्यप्रदेश पर्यटन एवं जिला प्रशासन  छतरपुर के सहयोग से 51वां खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन 20 से 26 फरवरी, 2025 तक किया जाना है। नृत्य संसार में खजुराहो नृत्य समारोह के मंच को बहुत ही सम्मान और आदर के साथ देखा जाता है। यहां प्रस्तुति करना किसी भी नृत्य कलाकार के लिए गर्व की बात होती है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए 51वें खजुराहो नृत्य समारोह में होने वाली गतिविधियों को विस्तार एवं व्यापकता देने का प्रयास किया गया है, ताकि नृत्य के साथ ही अन्य कला माध्यमों के भी विभिन्न पहलुओं का आस्वादन कलाप्रेमी कर सकें। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह में देश, प्रदेश के विभिन्न जगहों से प्रसिद्ध कलाकार आके शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करेंगे। इसमें अधिक से अधिक नवाचार करने का प्रयास किया गया है। जिसमें बाल नृत्य महोत्सव प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही स्थानीय कलाकार है उनकों भी उचित मंच कार्यक्रम में दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य लोकल कलाकार एवं शिल्पकार एक स्टॉल दिया जाएगा। जिससे वह अपने प्रोडेक्ट को डिस्प्ले कर सकेंगे और प्रचार करेंगे। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इस कार्यक्रम में वल्र्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। जिसके तहत 19 फरवरी को शाम 4 बजे से 26 घंटे की एक मैराथन डांस परफोर्मेंस दी जाएगी। साथ ही बुंदेली एवं लोकल कलाकारों को भी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।
हर शाम 6:30 बजे से होंगी शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियाँ
20 फरवरी - कथकली, मोहिनीअट्टम, ओडिसी
21 फरवरी - मणिपुरी, भरतनाट्यम, छाऊ
22 फरवरी - कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, कथकली
23 फरवरी - कथक, ओडिसी, कथक
24 फरवरी - मोहिनीअट्टम, कथक, ओडिसी
25 फरवरी - भरतनाट्यम, सत्रिया, मणिपुरी
26 फरवरी - कथक, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी