पुलिस पर महिलाओं से मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल, एसपी ने दिए जांच के आदेश
छतरपुर। नौंगांव थाना क्षेत्र की लुगासी चौकी पुलिस पर गुंडागर्दी और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। चौकी में पदस्थ आरक्षक महेंद्र नायक का महिलाओं पर बलप्रयोग करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची तो एसपी अगम जैन ने तत्काल वीडियो देखकर जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व लुगासी में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक पक्ष के करीब 13 लोगों ने घर में घुसकर हमला किया। इस घटना में पुरुषोत्तम, हीरालाल, मंगल राजपूत सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। मंगल सिंह के सिर में गंभीर चोट आने से डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया था। फिलहाल उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है।
घटना के बाद चौकी प्रभारी ओशो गुप्ता ने बयान के बहाने पीडि़त पक्ष के पुरुषोत्तम, हीरालाल और मंगल राजपूत को चौकी बुलाया। चार दिन तक लगातार बयान के नाम पर इन्हें बुलाया गया, लेकिन केवल कोरे कागज पर हस्ताक्षर ही कराए गए। इसी बीच इनके घर से फोन आया कि विरोधी पक्ष छोटे लड़के को मारने के लिए हथियार लेकर निकल गया है। जब इसकी सूचना महेंद्र नायक को दी गई, तो उसने कहा क्या हम तुम्हारे लिए गार्ड लगाएँ?
थोड़ी ही देर बाद महेंद्र नायक 112 वाहन के साथ मौके पर पहुंच गया और वहां मौजूद महिलाओं को मारते-घसीटते हुए गाड़ी में बैठाने लगा। आरोप है कि उसने किसी को लात मारी, तो किसी के सीने पर हाथ मारा। महिलाओं को बिना महिला पुलिसकर्मी के गाड़ी में बैठाकर चौकी ले जाया गया। नौगांव थाना प्रभारी की दखल पर बाद में महिलाओं को छोड़ा गया। इसके बाद पीडि़त पक्ष पर 151 की कार्यवाही कर रातभर थाने में बैठाए रखा गया।
पीडि़त पक्ष ने मामले की शिकायत एसपी अगम जैन से की, जिसके बाद वायरल वीडियो और आरोपों के आधार पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आरोप यह भी है कि महेंद्र नायक ने पुरुषोत्तम के मोबाइल में मौजूद पूरे साक्ष्यों को मिटाने के लिए उसका फोन रीसेट कर दिया।
दोस्त को ट्रेन के सामने धक्का देने के मामले में दो दोषियों को 10 साल की सजा
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 9 पैसेंजर ट्रेनें रद्द, रेलवे के विकास कार्य से बदला शेड्यूल
दुर्ग में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, म्यूल अकाउंट नेटवर्क पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
टंकी फुल कराने से पहले चेक करें आज के नए रेट, जानें कहां मिल रहा सबसे सस्ता तेल!
बाजार में मची हाहाकार या निवेश का सुनहरा मौका? सोना-चांदी के साथ शेयर बाजार भी धराशायी, जानें अब क्या करें निवेशक