एसपी ऑफिस पहुंचे पीडि़त दंपत्ति, लगाई न्याय की गुहार
छतरपुर। नौगांव के रहने वाले एक दंपत्ति ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके घर हुई चोरी के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है। इतना ही नहीं दंपत्ति ने नौगांव के पूर्व थाना प्रभारी पर धमकाने के भी आरोप लगाए। दंपत्ति ने एसपी ऑफिस में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
नौगांव के वार्ड नंबर 5 में रहने वाले प्रमोद कुमार तिवारी ने बताया कि माह फरवरी में वह अपनी पत्नी के साथ कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। उनका 20 वर्षीय पुत्र आदित्य राज घर पर अकेला था। 19 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे उसके पुत्र का 22 वर्षीय मित्र राजकमल निवासी बिलहरी घर आया और उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां पर राजकमल ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर आदित्य को बेहोश कर दिया। सुबह होश में आने के बाद जब वह घर लौटा तो दरवाजा, अलमारी व लॉकर खुले मिले। घटना की सूचना थाना नौगांव में दी गई, लॉकर से 227 ग्राम सोना और 2 किलोग्राम चांदी के गहने, जो पूर्वजों के समय के थे, चोरी हुए थे। प्रमोद के मुताबिक पुलिस जांच में घर के ताले चाबी से खुलने की बात सामने आई थी। प्रमोद ने बताया कि घर की चाबी उसके पुत्र के पास थी और पुत्र उस रात राजकमल के घर पर बेहोशी की हालत में था। इतनी अहम जानकारी मिलने के बाद भी पुलिस द्वारा आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रमोद के मुताबिक वह पूर्व में कलेक्टर, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर चुका है। इन्हीं शिकायतों से नाराज होकर नौगांव थाने के पूर्व थाना प्रभारी भी उसे प्रताडि़त करते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। प्रमोद ने यह भी बताया कि कुछ माह पहले जब मुख्यमंत्री मऊसहानियां आए थे तो थाना प्रभारी ने उन्हें घर में कैद कर दिया था ताकि वह सीएम से न मिल पाए। प्रमोद ने निवेदन किया है कि उन्हें शीघ्र न्याय दिलाया जाए।