छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में सोमवार को टीएल प्रकरणों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नम: शिवाय अरजरिया, एडीएम मिलिंद नागदेवे सहित एसडीएम एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने राज्य शासन के निर्देशानुसार 12 जनवरी से शुरू हुए संकल्प से समाधान अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। यह अभियान चार चरणों में 31 मार्च 2026 तक चलेगा। कलेक्टर ने अभियान के 15 फरवरी तक चलने वाले पहले चरण में समस्त एसडीएम, जनपद सीईओ, पीओडूडा एवं सीएमओ को निर्देश दिए कि ग्रामों एवं नगरीय निकायों में वार्ड स्तरीय समिति का गठन करें। उन्होंने कहा लगाए जाने वाले शिवरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने शिवरों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर एवं अभियान के संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर बैठक करें और शिवरों का निरीक्षण करें। साथ ही आयुष्मान कार्ड बनाने, आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण एवं फॉर्मर आईडी से खसरा लिंक करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी अपनी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे, किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। कलेक्टर ने एलडीएम को निर्देश दिए कि बैंकों से संबंधित योजनाओं के लंबित प्रकरण अभियान में स्वीकृत कराएं। आरटीओ को शिविर में ड्राईविंग लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिलेभर की गौशालाओं की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम और जनपद सीईओ को समन्वय से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
1508 मी.टन यूरिया खाद जिले में एक दो दिन में आएगा
कलेक्टर ने जिले में खाद के वितरण एवं उपलब्धता के संबंध में समीक्षा करते हुए कृषि एवं मार्कफेड अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान डीएमओ द्वारा बताया गया कि एक दो दिन में 1508 मीट्रिक टन एनएफएल यूरिया विजयपुर गुना प्लांट से रैक आने वाली है। जिससे जिले में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। कलेक्टर ने ई टोकन प्रणाली पोर्टल के माध्यम से आगामी दिनों में वितरित होने वाली खाद के संबंध में किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए।  
निकायों में हर मंगलवार को जल सुनवाई करने के निर्देश
कलेक्टर ने हर मंगलवार को निकायों में जल सुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों की समस्त पानी सप्लाई की टंकियों आदि की वॉटर सैम्पलिंग, साफ सफाई कराकर जांच कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा ड्राइव चलाकर ग्रामों एवं वार्डों में पानी की जांच किट लेकर जाएं और पेयजल टेस्ट करें। कलेक्टर ने सीएमओ को वार्डो में निरीक्षण कर लोगों से पानी संबंधित समस्याएं पूछने एवं जांच किट लोगों को वितरित कराने के निर्देश दिए। जिससे लोग स्वयं भी अपना पानी टेस्ट कर सकें। कलेक्टर ने नौगांव सीएमओ द्वारा एक हफ्ते में केवल पांच पानी के सैम्पल जांच के लिए भेजने पर 7 दिन की वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रत्येक निकाय हफ्ते में 100 से अधिक पानी जांच के लिए सैम्पल भेजें। उन्होंने खजुराहो के होटलों एवं ढाबों की पानी टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल, छात्रावासों एवं सभी अधिकारियों को शासकीय कार्यालयों में पानी टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस समारोह के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सम्पूर्ण व्यवस्थाओं एवं तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन के कम निराकरण पर शोकॉज
कलेक्टर ने बैठक में अनुपस्थित रहने पर गढ़ीमलहरा सीएमओ को शोकॉज एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी की एक दिन की वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए कम निराकरण पर छतरपुर नगर-ग्रामीण एवं बिजावर तहसीलदार और एमपीयूडीसी के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण प्रतिशत नहीं बढऩे पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी और कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।