छतरपुर। छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगीपुरा गांव के 23 वर्षीय राकेश अहिरवार की जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद मौत हो गई। मौत से पहले राकेश ने एक वीडियो बनाकर ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया। घटना शराब के नशे में पत्नी व मासूम बेटी को तेज धूप में ले जाने की जिद पर हुई बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार राकेश अहिरवार का विवाह दो वर्ष पहले बगौता गांव निवासी प्रेमबाई अहिरवार (20) के साथ हुआ था। दंपति की 7 माह की एक बेटी है, जिसकी तबीयत खराब चल रही थी। राकेश अपनी पत्नी और बेटी को लेने ससुराल पहुंचा।
राकेश के ससुर बब्बू अहिरवार ने बताया कि दामाद शराब के नशे में थे। उन्होंने तेज धूप में बेटी और नाबालिग पोती को ले जाने पर अड़ंगा डाला। जब उन्हें मना किया गया तो गाली-गलौज शुरू कर दी और मारने-मिटाने की धमकियां देने लगे। कुछ देर बाद हाथापाई भी हो गई।
राकेश के जीजाजी और बड़े भाई पहुंचने पर मामला शांत हुआ, लेकिन राकेश गुस्से में वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद पता चला कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। जब उसे जिला अस्पताल छतरपुर ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में बृजपुरा के पास उसकी मौत हो गई।
मृत्यु से पहले राकेश अहिरवार ने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने ससुराल पक्ष पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। इस वीडियो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। ससुराल पक्ष का कहना है कि राकेश नशे में थे और बच्ची की हालत को देखते हुए उन्हें ले जाने से मना किया गया था। उन्होंने ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू की। बमीठा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।