सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की दी जानकारी
लवकुशनगर। पुलिस विभाग द्वारा सामुदायिक जागरूकता के तहत आज एक शासकीय शाला में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों से अवगत कराया गया और उन्हें सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई।
सोमवार को लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे और उनके साथ जुझार नगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह शासकीय एकीकृत शाला ज्यौराहा में स्कूली बच्चों के बीच पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को गुड टच-बैड टच, साइबर क्राइम, फ्रॉड कॉल्स, महिला संबंधी अपराध, और हेल्प लाइन नंबर जैसे सुरक्षा संबंधी प्रावधानों और शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। छात्रों को विशेष रूप से 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता नंबर), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) और 1098 (बाल सहायता नंबर) के उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बच्चों से आग्रह किया कि किसी भी आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का तुरंत उपयोग करें और बिना डर अपनी बात पुलिस तक पहुँचाएँ। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।