पांच दिवसीय दीपोत्सव का हुआ आगाज
धनतेरस पर गुलजार रहे बाजार, जमकर हुई खरीददारी
छतरपुर। सनातन धर्मावलंबियों के सबसे बड़े त्यौहार दीपोत्सव का आगाज शनिवार को धनतेरस पर्व के साथ हो गया है। शनिवार को जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य इलाकों के बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे। लोगों ने बाजार से पूजन सामग्री के अलावा, कपड़े, गहने, बर्तन, घरेलू कामकाज की वस्तुएं, इलैक्ट्रोनिक सामग्री की खरीदी की। बाजार में अच्छी रौनक होने से दुकानदारो के चेहरे भी खिल उठे। इस वर्ष सरकार द्वारा छेड़ी गई स्वदेशी अपनाओ की मुहिम का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। बाजार में पहंचे लोगों ने चीजों के स्वदेशी होने की बात पूछकर वस्तुओं को खरीदा।
पांच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन यानि कि धनतेरस पर छतरपुर के चौक बाजार क्षेत्र में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। सोना-चांदी महंगा होने के कारण लोगों का रुझान इस वर्ष बर्तनों की ओर अधिक दिखा। मध्यमवर्गीय परिवारों ने पूजन सामग्री के साथ बर्तनों की खरीददारी की। हालांकि संपन्न परिवारों ने सोने-चांदी के आभूषण भी खरीदे। पिछले कई दिनों से दीपावली के लिए तैयारी कर रहे दीपक कारीगरों ने भी अपनी दुकानें सजाईं, जहां से दिन भर खरीदी होती रही। इसके अलावा लोगों ने कपड़े, घरेलू कामकाज की वस्तुएं, इलैक्ट्रोनिक सामग्री की भी खरीदी की। दुकानदारों ने बताया कि सरकार द्वारा लोगों को विदेशी छोड़कर स्वदेशी अपनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है, जिसके चलते इस वर्ष खरीददारी करने आ रहे ग्राहकों ने वस्तुओं की खरीददारी करने से पहले उनका स्वदेशी होना सुनिश्चित किया।
बढ़ी हुई कीमतों ने सोने-चांदी से किया मोहभंग
धनतेरस के दिन अक्सर लोग सोने या चांदी के आभूषण अथवा सामग्री की खरीदी करते हैं लेकिन चूंकि इस वर्ष सोने-चांदी के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है जिसके चलते लोगों का सोने-चांदी से मोहभंग हो गया है। मध्यमवर्गीय परिवारों ने तो इस वर्ष आभूषण दुकानों की ओर जाना ही उचित नहीं समझा। कुछ चुनिंदा संपन्न परिवारों के लोग ही आभूषण की दुकानों पर खरीदी करने पहुंचे। सर्राफा व्यापारी महेंद्र अग्रवाल ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष उतने ग्राहक नहीं आ रहे हैं, जो कि सोने-चांदी की बढ़ी हुई कीमतों का प्रभाव है। हालांकि शाम के वक्त काफी लोग अपनी क्षमता के मुताबिक खरीददारी करने उनकी दुकान पर पहुंचे।
अन्य सामग्री की जमकर हुई खरीददारी
एक अन्य व्यापारी डालडे मातेले ने बताया कि इस वर्ष लोगों का रुझान ऑनलाइन खरीददारी से हटकर एक बार फिर बाजार की ओर है, परिणामस्वरूप बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीददारी करने पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाजार में ज्यादातर वस्तुएं स्वदेशी हैं, जिनकी अच्छी खासी बिक्री हो रही है। श्री मातेले ने यह भी कहा कि इस वर्ष केन्द्र सरकार ने जीएसटी घटाई है, वहीं प्रदेश सरकार द्वारा लाड़ली बहना योजना की राशि भी त्यौहार के पहले भेजी है, जिससे लोग उत्साह पूर्वक खरीदी करने बाजार आ रहे हैं। बाजार के एक बर्तन व्यापारी ने कहा कि चूंकि इस वर्ष सोना-चांदी महंगा है इसलिए लोग बर्तनों की खरीददारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर सुबह से ही लोग बर्तनों की खरीदी करने पहुंच रहे हैं। शाम को उनकी दुकान पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
बाजार में खरीदी करने पहुंचे राज्यमंत्री
शनिवार की शाम को मध्यप्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार छतरपुर के बाजार में खरीददारी करने पहुंचे। इस मौके पर राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने बताया कि मंत्री, विधायक बनने से पहले भी वे इसी तरह से बाजार आते थे। उन्होंने कहा कि वे हमेशा स्वदेशी अपनाने के पक्ष में रहे हैं और इस वर्ष भी वे जनता को यही संदेश दे रहे हैं। राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने छोटी से दुकान से दीपक खरीदने के बाद अन्य लोगों से आग्रह किया कि वे भी हमारे छोटे दुकानदारों से खरीददारी करें ताकि महीनों से मेहनत कर रहे हमारे कारीगरों की दीपावली भी खुशी-खुशी संपन्न हो।
राघव चड्ढा ने संसद में उठाया ‘राइट टू रिकॉल’ का मुद्दा” जानिए किन देशों में लागू है यह व्यवस्था?
रीवा आ रहे नव सेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, इन प्रोग्राम्स में होंगे शामिल
'विशेषाधिकार' प्रस्ताव के सवाल पर मीडिया पर भड़के राहुल गांधी, लगाये गंभीर आरोप
विदिशा में बारातियों से भरी कार हादसे का शिकार, 3 लोगों की मौत, 7 गंभीर घायल
10वीं की परीक्षा आज से शुरू! एग्जाम हॉल में घुसने से पहले छात्र जरूर पढ़ें ये 5 जरूरी नियम, वरना हो सकती है परेशानी
BJP ने असम–पश्चिम बंगाल चुनाव में छत्तीसगढ़ नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी