छतरपुर। जिले के महाराजपुर नगर में बीती रात एक सोनी परिवार के घर की खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं, जब समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। दरअसल हर्ष फायरिंग के दौरान एक गोली दूल्हे के भाई को जा लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर विवेचना शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक महाराजपुर के वार्ड नंबर 1 की शारदा कॉलोनी में रहने वाले उमाशंकर सोनी के पुत्र अंशुल सोनी का फलदान कार्यक्रम घर पर चल रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग की, जिसकी गोली उमाशंकर के दूसरे पुत्र 35 वर्षीय आशीष सोनी को जा लगी। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई। आनन-फानन में आशीष को जिला अस्पताल लाया गया, जहां परीक्षण के बाद डॉ. राजेश मिश्रा ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। डॉ. मिश्रा ने बताया कि आशीष के हाथ और सीने में गोली लगी थी, जिस कारण से उसकी मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छतरपुर सीएसपी अरुण कुमार मिश्रा, कोतवाली थना प्रभारी अरविंद दांगी जिला अस्पताल पहुंचे जहां परिजनों से बयान लिए गए। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि गोली किसने चलाई है। वहां महाराजपुर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरु कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।