राज्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य एवं केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ
किशनगढ़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन

छतरपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के मुख्य आतिथ्य एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में छतरपुर जिले के ज.पं. बिजावर के किशनगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीपप्रज्वलन के साथ किया गया। साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ नम: शिवाय अरजरिया, एसडीएम विजय द्विवेदी, तहसीलदार अभिनव शर्मा, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग मनोज अहिरवार, जनपद सीईओ अंजना नागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी स्कूली बच्चे एवं जनसमुदाय उपस्थित रहा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात से राष्ट्रीय कार्यक्रम एवं जबलपुर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया एवं सुनाया गया।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, हितग्राही हुए लाभान्वित
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छात्रावासों में आयोजित निबंध, दौड़ प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही 10वीं एवं 12वीं के प्रदेश एवं स्थानीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। इसके अलावा आदिवासी वर्ग से स्थानीय जनप्रतिनिधियों जिला पंचायत सदस्य मुन्नीबाई आदिवासी, सरपंच मतीपूरा अम्मू आदिवासी को भी सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय वयोश्री योजनांतर्गत वृद्धजनों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया और महिला बाल विकास के लाड़ली लक्ष्मी योजना में एवं मातृ वंदना योजना में 4 हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए।
स्टॉल एवं योजनाओं की लगाई गई प्रदर्शनी
अतिथियों द्वारा जनजातियों गौरव दिवस पर विभिन्न विभागों एवं स्वसहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, कृषि विभाग की प्राकृतिक खेती का आधार एवं नरवाई प्रबंधन, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग की योजनाओं के प्रचार, जनजातीय कार्य विभाग की बुंदेली व्यंजनों की प्रदर्शनी, जनजातीय वर्ग को नि:शुल्क स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं की प्रदर्शनी, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, नशा मुक्त अभियान का प्रचार, महिला बाल विकास की पीएम सूर्य मातृ वंदना योजना, सीएम बाल आशीर्वाद योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का प्रचार, आजीविका मिशन की कृषि उपज केंद्र की प्रदर्शनी लगाई गई।
पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के 518 अ.ज.जा के हितग्राहियों का गृह प्रवेश
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर अनुसूचित जनजाति के प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 518 हितग्राहियों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें जनपद पंचायत बड़ामलहरा में 85, बिजावर में 170, बकस्वाहा में 103, छतरपुर में 60, लौंडी में 11, नौगांव में 06 एवं राजनगर में 83 हितग्राही शामिल हैं। इसमें 15 सितम्बर 2024 के बाद पूर्ण हुए आवासों को शामिल किया गया है।
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्षों से भरा, उनके जीवन से प्रेरणा लें: राज्यमंत्री
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्षों से भरा रहा। सरकार आदिवासियों के उत्थान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आज शिक्षा के दौर में आदिवासियों के जीवन को बदलने का काम सरकार ने किया है। कई अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय आज उच्च स्थान पर है। उन्होंने सभी से भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी एवं उनके संघर्षों को पढऩे की अपील की। अंत में उन्होंने सभी को जनजाति गौरव दिवस की बधाई भी दी।
भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता संग्राम में अलख जगाई: केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्षों का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि आज उनके सम्मान का दिन है उन्होंने जनजातीय समुदाय को एकत्रित कर स्वतंत्रता संग्राम में अलख जगाई। बिना संसाधनों के बावजूद परंपरागत तीर कमान से  स्वतंत्रता संग्राम में लोगों को एकत्रित किया। आज किशनगढ़ में आयोजित कार्यक्रम करने का उद्देश्य यहां बाहुल्य जनजातीय समुदाय को लाभ दिलाने का बताया।