पति ने थाने में की शिकायत, अज्ञात युवक पर जताया संदेह
छतरपुर। दो दिन पहले अपने पति के साथ जिला अस्पताल में इलाज कराने के लिए भर्ती हुई एक महिला अचानक लापता हो गई, महिला के साथ उसका 2 वर्षीय पुत्र भी लापता है। महिला के पति ने कोतवाली थाना में आवेदन देकर पत्नी और पुत्र को खोजने की मांग की है। लापता महिला के पति ने एक अज्ञात युवक पर संदेह भी जाहिर किया है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कैंथोकर निवासी कामता पाल ने बताया कि करीब 7 वर्ष पूर्व उसका विवाह छत्तीसगढ़ की रहने वाली फुलबसिया उर्फ फूला पाल के साथ हुआ था। विवाह कराने के लिए उसने एक व्यक्ति को 40 हजार रुपए दिए थे। उसके दो बच्चे हैं, जिनके नाम 5 वर्षीय प्रियांशी और 2 वर्षीय कैलाश पाल हैं। कामता के मुताबिक दो अक्टूबर को फूला को बीमारी के चलते इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में उसने भर्ती कराया था। 3 अक्टूबर की सुबह 10 बजे पत्नी फूला और पुत्र कैलाश अचानक लापता हो गए। काफी तलाश करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो कामता ने कोतवाली थाना में आवेदन देकर पत्नी और पुत्र की तलाश किए जाने की मांग की। कामता ने एक अज्ञात युवक पर संदेह जाहिर किया है, जो कि अस्पताल में इलाज के दौरान फूला के पास था।